31 दिसंबर 2015 - 19:01
इराक़ी सभापति: आईएस से बातचीत संभव नहीं है।

इराक़ के संसद सभापति ने कहा है कि आतंकवादी गुट दाइश के साथ किसी भी स्थिति में वार्ता नहीं हो सकती।

इराक़ के संसद सभापति ने कहा है कि आतंकवादी गुट दाइश के साथ किसी भी स्थिति में वार्ता नहीं हो सकती।
सलीम अलजबूरी ने कहा कि इराक़ी राष्ट्र और सरकार दोनो ही दाइश के साथ वार्ता के विरोधी हैं। सूमरिया समाचार एजेन्सी के अनुसार इराक़ के संसद सभापति ने ख़ूंख़ार आतंकवादी गुट दाइश के साथ हर प्रकार की वार्ता का विरोध करते हुए कहा कि यह आतंकवादी गुट केवल हत्या और जघन्य अपराध करना जानता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के लोगों के साथ वार्ता निर्रथक है।
इराक़ी संसद सभापति ने कहा कि दाइश, इराक़ी जनता का भाग नहीं है। उन्होंने कहा कि इराक़ के वे क्षेत्र जो दाइश के नियंत्रण में थे, वहां के लोगों का दाइश के विरुद्ध प्रतिरोध बताता है कि वे लोग किसी भी स्थिति में इन आतंकवादियों को स्वीकार नहीं करते।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल से आतंकवादी गुट दाइश ने पश्चिमी तथा उत्तरी इराक़ के कुछ क्षेत्रों पर नियंत्रण कर रखा है। इन क्षेत्र के रहने वालों के विरुद्ध इस आतंकवादी गुट ने खुलकर अमानवीय अपराध किये हैं। इराक़ी सुरक्षा बलों ने इस देश के स्वयंसेवियों की सहायता से दाइश के विरुद्ध कार्यवाहियों में भारी सफलता अर्जित की है।